मुंबई: जैश-ए-मोहम्मद कनेक्शन के आरोप में रैपिडो चालक गिरफ्तार

महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने शहर के माहिम इलाके से एक 33 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंध रखने का आरोप लगाया गया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई है। वह बिहार मूल का है और लगभग एक दशक से मुंबई में रह रहा था। आजीविका के लिए वह रैपिडो बाइक टैक्सी चलाता था और माहिम के बाबा फलूदा इलाके में इत्र की दुकान भी चलाता था।

एटीएस की कालाचौकी यूनिट को 21 अक्टूबर को गोपनीय सूचना मिली थी कि माहिम का एक निवासी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। सूचना के आधार पर टीम ने माहिम मेट्रो स्टेशन के नजदीक लक्ष्मी बिल्डिंग क्षेत्र से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को माहिम पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

मोबाइल फोन की जांच में महत्वपूर्ण सबूत मिले। फोन में भड़काऊ पोस्ट, जिहादी विचारधारा वाले संदेश और जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर के भाषणों की ऑडियो क्लिप पाई गईं। आरोपी टेलीग्राम पर एक ग्रुप का एडमिन था। 1 जून को उसी ग्रुप में मसूद अजहर के दो ऑडियो अपलोड किए गए थे, जिनमें से एक बाबरी मस्जिद से जुड़ा था। वह पाकिस्तान से जुड़े एक कट्टरपंथी टेलीग्राम चैनल ‘IBN-e-Qasim’ का सदस्य भी था।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर उसने मई से अक्टूबर के बीच कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इनमें जिहाद का समर्थन, हथियार उठाने की अपील और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे की सुरक्षा संबंधी खबर पर धमकी भरे कमेंट शामिल हैं। पुलिस ने इन टिप्पणियों के 39 स्क्रीनशॉट सबूत के रूप में सुरक्षित रखे हैं।

माहिम पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी फैलाने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने से संबंधित है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया और आगे की जांच के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।