फिलीपींस में ट्रेनिंग के दौरान हवा में भिड़े दो विमान, 4 पायलटों की दर्दनाक मौत  

फिलीपीन वायुसेना के दो ट्रेनर विमान शुक्रवार दोपहर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान आसमान में भिड़ गए। दोनों विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए और उनमें सवार सभी चार पायलटों की मौत हो गई। जमीन पर किसी के घायल या मारे जाने की कोई सूचना नहीं है।

यह हादसा राजधानी मनीला से दक्षिण में बातांगास प्रांत के लिपान सिटी स्थित फर्नांडो एयर बेस पर हुआ। स्थानीय समय दोपहर करीब 3:51 बजे दोनों SF-260 मॉडल के सिंगल-प्रोपेलर विमान कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे। उपलब्ध वीडियो फुटेज और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार वे हवा में टकराए और बेस परिसर के अंदर ही गिर पड़े। एक विमान सैनिक बैरकों के नजदीक गिरा।

वायुसेना ने शनिवार को आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि की। प्रवक्ता ने बताया कि दोनों विमान बेस की सीमा के अंदर ही गिरे। हादसे को एविएशन दुर्घटना करार दिया गया है। कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा उपाय के रूप में SF-260 विमानों के पूरे बेड़े को फिलहाल उड़ान भरने से रोक दिया गया है। ये विमान इटली से खरीदे गए थे।

वायुसेना ने शहीद पायलटों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है और उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है। रिपोर्टों के अनुसार ये विमान सात विमानों की फॉर्मेशन का हिस्सा थे। बाकी पांच विमान सुरक्षित उतर गए।