दिवाली की तैयारियों के बीच मध्य प्रदेश का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। अगले तीन दिनों यानी 25 से 27 अक्टूबर तक राज्य में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। इसके बाद 28 अक्टूबर से मौसमी बदलाव शुरू होने की उम्मीद है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के और मजबूत होने तथा डीप डिप्रेशन में बदलने की आशंका है, जिसका असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ सकता है।
भारी बारिश वाले जिले
शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में तेज बारिश होने की आशंका है।
गरज-चमक और हल्की बारिश वाले जिले
ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश तथा बादल छाए रहने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभागों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।
रात का तापमान गिरेगा
प्रदेश में रात का पारा लगातार कम हो रहा है। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान पहले ही 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। आगे कई क्षेत्रों में रात का तापमान 13 डिग्री से भी नीचे जा सकता है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान अभी भी 34 डिग्री के आसपास बना हुआ है।