आबकारी विभाग ने बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात गांधीनगर व बगोनिया इलाके में छापा मारकर अवैध हाथभट्टी शराब तथा लहान जब्त किया। नीले रंग के ड्रमों में रखी गई सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर जमीन पर बहा दिया गया। साथ ही दोपहिया वाहन से शराब सप्लाई करते एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया।
आबकारी कंट्रोलर वर्षा उइके ने बताया कि उप निरीक्षक स्वाति बघेल के नेतृत्व में टीम ने परवलिया थाना क्षेत्र के बगोनिया गांव में दबिश दी। वहां राहुल अहिरवार को पकड़ा गया और उसके आवास से 600 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई।
गांधीनगर के शांतिनगर मोहल्ले से नीले ड्रमों में भरा करीब एक हजार लीटर लहान मिला। यह मिश्रण अवैध शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। जब्त माल को नियमों के अनुसार नष्ट कर दिया गया। इस मामले में मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
शाहजहांनाबाद क्षेत्र में संजय बाथम को एक्टिवा स्कूटर पर देशी शराब लेकर जाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। अधिकारी बताते हैं कि वह दोपहिया वाहन का इस्तेमाल कर शराब की सप्लाई कर रहा था। इससे पहले भी इसी तरीके से कुछ अन्य लोगों को पकड़ा जा चुका है।
बागमुगालिया इलाके में सहायक जिला आबकारी अधिकारी संदीप द्विवेदी की टीम ने शराब की दुकान के आसपास अवैध मदिरापान कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की और करीब एक दर्जन लोगों को वहां से हटाया। आबकारी विभाग अवैध शराब के उत्पादन, भंडारण और वितरण पर लगातार निगरानी व कार्रवाई जारी रखे हुए है।