अमेरिका: मिसिसिपी के तट पर छोटे विमान की दुर्घटना में 6 लोगों की जान गई

अमेरिका के मिसिसिपी राज्य के समुद्री तट के पास मंगलवार दोपहर एक छोटे निजी विमान के पानी में गिरने से सवार सभी छह यात्रियों की मौत हो गई। इनमें चार वयस्क और आठ व दस साल के दो बच्चे शामिल थे।

सेसना 210 नाम का यह विमान न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स की ओर जा रहा था। उड़ान भरने के लगभग आधे घंटे बाद जब यह करीब 8800 फीट की ऊंचाई पर था, अचानक तेजी से नीचे गिरना शुरू हो गया। ट्रैकिंग आंकड़ों के अनुसार अंतिम क्षणों में इसकी गिरावट की रफ्तार करीब 18 हजार फीट प्रति मिनट थी, जो लगभग 322 किलोमीटर प्रति घंटे के बराबर है। इसके बाद विमान से संपर्क टूट गया।

दुर्घटना मिसिसिपी के हॉर्न आइलैंड के पास मैक्सिको की खाड़ी में हुई। अमेरिकी तटरक्षक बल और स्थानीय एजेंसियों ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। शुरू में पानी में विमान का केबिन, कुछ लाइफ जैकेट और एक लाइफ राफ्ट मिले। करीब चार घंटे की खोज के बाद गोताखोरों ने विमान के अंदर सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए। इसके बाद तलाशी अभियान समाप्त कर दिया गया।

अधिकारियों ने इस घटना को बहुत दुखद बताया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। दुर्घटना के कारणों की जांच राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड कर रहा है।