भोपाल: बिहार विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को गया विधानसभा सीट पर कांग्रेस और अन्य दलों पर जमकर गरजे। वे यहां पर भाजपा उम्मीदवार डॉ. प्रेम कुमार के समर्थन में सभा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब यहां पर एनडीए की सरकार नहीं थी, तक हाल बेहाल थे, बिहार विकास की पटरी से उतर गया था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास कर रहा है। एनडीए गठबंधन ने यहां पर सबका साथ और सबका विकास किया है। इस बार भी एनडीए की ही सरकार बनने जा रही है। इस सभा के बाद वे हिसुआ विधानसभा में भी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। हिसुआ में अभी कांग्रेस का कब्जा है। यहां पर वे भाजपा के प्रत्याशी अनिल कुमार के समर्थन में सभा को संबोधित करेंगे। गुरुवार को भी उन्होंने पटना जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया था।
कल शाम जारी हुई स्टार प्रचारकों की सूची
गुरुवार को भाजपा ने बिहार चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, उनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नाम भी शामिल है। स्टार प्रचारक होने के चलते अब चुनाव तक उनके यहां पर लगातार दौरे होते रहेंगे। वहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी स्टार प्रचारको की सूची में शामिल हैं। उनके यहां पर जल्द ही दौरे शुरू होंगे।