पुलिस महानिरीक्षक ने की अपराधों की समीक्षा, दिए निर्देश
अशोकनगर: गुरूवार को पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविन्द कुमार सक्सेना द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय अशोकनगर के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिले की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कंवर, एसडीओपी चन्देरी शैलेन्द्र शर्मा, एसडीओपी मुंगावली सनम बी खान सहित जिले के सभी थाना प्रभारीगण उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अशोकनगर द्वारा जिले में संचालित पुलिस गतिविधियों, अपराधों की स्थिति एवं नियंत्रण संबंधी कार्यवाहियों की संक्षिप्त प्रस्तुति से किया गया। तत्पश्चात पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गंभीर अपराधों, संपत्ति संबंधी अपराधों, महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े अपराधों, सायबर अपराधों, मादक पदार्थों की तस्करी तथा आयुध एवं जुआ अधिनियम के अंतर्गत की गई कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने निर्देशित किया कि अपराधों की रोकथाम के लिए प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, निगरानी बदमाशों, गुण्डा की सतत निगरानी एवं नियमित चैकिंग सुनिश्चित करें। इसके साथ ही प्रत्येक थाना स्तर पर माईक्रो बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाकर, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर सूचनाओं का आदान-प्रदान बढ़ाया जाए जिससे अपराधों की रोकथाम में जनसहयोग प्राप्त हो सके।
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों जैसे मुस्कान अभियान, सायबर जागरूकता अभियान तथा नए आपराधिक कानूनों के संबंध में थाना स्तर पर नियमित ब्रीफ्रिंग एवं प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि प्रत्येक अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को नए कानूनों के प्रावधानों से भली-भांति अवगत कराएं ताकि जमीनी स्तर पर कानूनों का सही अनुपालन हो सके। बैठक में अपराधों के शीघ्र निराकरण, लंबित मामलों के समयसीमा में निस्तारण, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण, मद्य निषेध एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा जनसुनवाई एवं जनसेवा कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त करें, रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को प्राथमिकता दें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यमान उपस्थिति सुनिश्चित करें।
एसपी बोले-मार्गदर्शन से व्यवस्था को सशक्त बनाने में मिलेगी सहायता
बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने जिले की समग्र कानून व्यवस्था की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक अशोकनगर के नेतृत्व में जिले में बेहतर पुलिसिंग कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि नागरिकों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार अपनाकर पुलिस की जनहितैषी छवि को और सुदृढ़ किया जाए। बैठक के समापन पर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने पुलिस महानिरीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से जिले की पुलिस व्यवस्था को और सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि पुलिस महानिरीक्षक द्वारा दिए गए निदेर्शों को गंभीरता से पालन करना सुनिश्चित करें तथा अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु तत्पर रहें।