कांग्रेस नेता पहुंचे, राजनीति में फंसी कर्मचारियों की हड़ताल
राजधानी में आज आधे महीने की ही सैलरी मिलने से नाराज भोपाल के सफाईकर्मियों ने सुबह कचरा नहीं उठाया। सुबह से ही निगम दफ्तरों में गाड़ियां खड़ी कर दी। इसके चलते सुबह कई स्थानों पर कचरा नहीं उठा। कांग्रेस नेताओ के पहुंचने के कारण इस हड़ताल ने राजनैतिक रंग भी ले लिया। उधर नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन का कहना है सोमवार को वेतन रिलीज कर दिया जाएगा।
कोलार में ज्यादा असर
कोलार इलाके में सबसे ज्यादा असर है। अन्य इलाकों में भी कर्मचारियों की नाराजगी का असर है। पुराने भोपाल में भी हालत खराब रही जबकि नए भोपाल सफाई कर्मचारियों ने जगह जगह पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। पुराने शहर में कई जगहों पर एएचओ के कहने पर कर्मचारियों ने देरी से सफाई का काम शुरू किया। उधर इस संबंध में निगम कमिश्नर संस्कृति जैन का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की बाकी तनखा सोमवार को रिलीज कर दी जाएगी। इसमें घबराने की बात नहीं है।
गेहूं खेड़ा में किया प्रदर्शन
आधी सैलरी मिलने से नाराज सफाईकर्मी कोलार में गेहूंखेड़ा स्थित निगम आॅफिस के बाहर इकट्ठा हुए और नारेबाजी करने लगे। भारतीय सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष सोनू डागर ने बताया, सफाईकर्मी सैलरी पर ही आश्रित है। इसी से उनके बच्चों के स्कूल की फीस, लोन की किश्त समेत खर्चे पूरे होते हैं। आधी सैलरी में वे कुछ नहीं कर सकते। निगम को पूरे महीने की ही सैलरी देना थी या फिर अटेंडेंस का नया सिस्टम 1 नवंबर से शुरू करना था। ऐसे में पूरे महीने की ही सैलरी मिल जाती।