उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। बहराइच जिले से शादी में शामिल होकर लौट रहे बारातियों की कार पसगवां थाना क्षेत्र के पढुआ इलाके में रात करीब दो बजे अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक बबलू पुत्र राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमिया बेहड़ और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतकों की पहचान जितेंद्र पुत्र विपिन बिहारी, घनश्याम पुत्र बल्लू (दोनों घाघरा बैराज), लालजी पुत्र मेवा लाल (सिसियन पुरवा), सुरेंद्र पुत्र विशोसर (रामवृक्ष पुरवा) और अजीमुल्ला (गिरिजापुरी) के रूप में हुई है। सभी मृतक और घायल बहराइच जिले के थाना सुजौली क्षेत्र के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही पढुआ थाना प्रभारी अभिषेक सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से अंधेरे में टॉर्च की रोशनी व नाव के सहारे रेस्क्यू कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार से शवों और घायल को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार ये सभी लोग लखीमपुर खीरी में एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, अंधेरा और ड्राइवर का नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है तथा पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।