दिल्ली ब्लास्ट में फंसाने की धमकी से वरिष्ठ वकील ने की खुदकुशी

राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद इलाके में एक वरिष्ठ अधिवक्ता ने सोमवार रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें खुलासा हुआ है कि वकील को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर धमकाया था कि उनका नाम दिल्ली में हुए एक आतंकी साजिश और बम धमाके में आ गया है, और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जहांगीराबाद पुलिस के अनुसार, 68 वर्षीय वरिष्ठ एडवोकेट शिवकुमार शर्मा बरखेड़ी इलाके में रहते थे। मंगलवार रात करीब 7:30 बजे उन्होंने अपने घर में फांसी लगा ली। बुधवार को उनके शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।

सुसाइड नोट में धमकी का खुलासा

पुलिस को मिले सुसाइड नोट में शिवकुमार शर्मा ने लिखा है कि हाल ही में उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया था। फोन करने वाले ने कहा था कि उनका नाम दिल्ली में लाल किले के पास हुए बम धमाके में आया है और उनके बैंक खाते का इस्तेमाल आतंकी फंडिंग के लिए किया गया है। इस धमकी भरे फोन के बाद से ही वह गहरे तनाव में थे।

पुलिस ने आशंका जताई है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा वरिष्ठ वकील को आतंकी साजिश में फंसाने के नाम पर धमकी देकर ठगी करने की कोशिश की गई थी, लेकिन डर के कारण उन्होंने अपनी जान दे दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर इस मामले में आगे की जाँच शुरू कर दी है, ताकि कॉल करने वाले व्यक्ति और धमकी के स्रोत का पता लगाया जा सके।