बहादुरपुरा में मामूली विवाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग: 19 साल के युवक की मौत, भाई-बहन घायल

जिले के रौन थाना क्षेत्र स्थित बहादुरपुरा गांव में मंगलवार शाम एक मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया। नशे की हालत में आए कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें 19 वर्षीय राज भदौरिया की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी बहन पिंकी भदौरिया और छोटा भाई मयंक भदौरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, मृतक राज भदौरिया और मयंक भदौरिया शाम के समय घर के बाहर लकड़ियों से आग जला कर ताप रहे थे। इसी दौरान गांव के ही अभिषेक भदौरिया पुत्र शेर सिंह भदौरिया शराब के नशे में वहां पहुंचा और लकड़ी उठाते देख दोनों भाइयों से बहस शुरू कर दी। देखते-देखते विवाद बढ़ा तो अभिषेक का भाई मिलन भदौरिया भी मौके पर आ गया।

परिवार के बड़े संजीव सिंह भदौरिया ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें गालियां दीं और हवा में एक फायर कर धमकाते हुए चले गए। करीब आधे घंटे बाद अभिषेक और मिलन अपने चार साथियों के साथ लौटे, जिनमें अतरसुमा के कुछ लोग भी शामिल थे। उनके पास पिस्टल, कट्टा और अधिया जैसे हथियार थे।

आते ही उन्होंने घर के बाहर खड़े पूरे परिवार पर अंधाधुंध 7-8 राउंड गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोली राज भदौरिया के सीने में लगी और उसने तुरंत दम तोड़ दिया। पिंकी भदौरिया और मयंक भदौरिया को भी गोलियां लगीं, जिनकी हालत गंभीर होने से उन्हें पहले जिला अस्पताल और फिर देर रात ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक और सभी आरोपी एक ही खानदान के लोग हैं और पहले इनके बीच कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। सिर्फ मंगलवार शाम की छोटी-सी बहस ने कुछ ही घंटों में इतनी भयावह घटना को जन्म दे दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।