लातेहार पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो सक्रिय एरिया कमांडरों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार उग्रवादियों में दो लाख रुपये का इनामी सुनील उरांव उर्फ मंटू और मुकेश लोहरा शामिल हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बुधवार को प्रेस वार्ता में दी।
सुनील उरांव उर्फ मंटू, रामेश्वर उरांव का पुत्र है और लातेहार थाना क्षेत्र के तरवाडीह-नावाडीह गांव का निवासी है। वहीं मुकेश लोहरा, दिवंगत लक्ष्मण मिस्त्री का बेटा है और मनिका थाना क्षेत्र के पुरनी पल्हैया गांव में रहता है।
एसपी कुमार गौरव ने बताया कि सुनील उरांव पर लातेहार जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लेवी वसूली, पुलिस पार्टी पर फायरिंग सहित कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह संगठन का कुख्यात एरिया कमांडर था।
पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि पप्पू लोहरा के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद ये दोनों आरोपी जेजेएमपी को दोबारा खड़ा करने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इसी इनपुट पर लातेहार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार के निर्देश पर लातेहार और मनिका थाने की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया और दोनों को धर दबोचा।
एसपी ने बताया कि मुकेश लोहरा पर भी हत्या समेत दो गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्तमान में जेजेएमपी की सक्रियता न के बराबर रह गई है। संगठन में अब सिर्फ चार-पांच सदस्य ही शेष बचे हैं, जो आपस में समन्वय भी नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस का उग्रवाद-विरोधी अभियान पूरी मुस्तैदी से जारी रहेगा।
इस सफल छापेमारी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार, लातेहार थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता, मनिका थाना प्रभारी शशि कुमार, एसआई राहुल सिंह, विक्रांत कुमार उपाध्याय, विकास कुमार, धर्मवीर सिंह समेत दोनों थानों की पुलिस बल ने अहम भूमिका निभाई।