भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे के पास किलोल पार्क के सामने उस वक्त दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जब भोजपाल बिल्डर्स के मालिक नितिन मुलानी की तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक सवार 11वीं कक्षा के छात्र आतिफ हुसैन को कुचल दिया। 18 साल का आतिफ गिन्नौरी इलाके का रहने वाला था और अपने बीमार पिता आसिफ हुसैन के लिए दवा लेने मेडिकल स्टोर आया था। हादसे में उसके सिर पर गहरी चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसा बुधवार दोपहर करीब एक बजे हुआ। दवा लेकर आतिफ जैसे ही बाइक से किलोल पार्क चौराहे की ओर बढ़ा, तभी लालघाटी की तरफ जा रही नितिन की गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि आतिफ बाइक सहित दूर जा गिरा। घटना देखकर नितिन घबरा गया और गाड़ी भगाकर मौके से फरार हो गया।
लेकिन वहां मौजूद लोगों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसका पीछा शुरू कर दिया। पूरे दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद रेतघाट तिराहे पर चल रही पुलिस चेकिंग में बैरिकेडिंग के पास उसे घेरकर पकड़ लिया गया। श्यामला हिल्स पुलिस ने नितिन मुलानी के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी लग्जरी एसयूवी को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नितिन मुलानी अरेरा कॉलोनी E-2 में परिवार के साथ रहते हैं और अपने पिता के साथ मिलकर भोजपाल बिल्डर्स कंपनी चलाते हैं। थाना प्रभारी भूपेंद्र कौर संधू ने बताया कि छात्र को सिर पर गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।