हिमाचल में कड़ाके की ठंड: कोकसर का झरना जमा, 28 जगहों पर पारा 10°C से नीचे

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों भीषण ठंड का कहर जारी है। लाहौल घाटी के कोकसर के पास एक खूबसूरत झरना पूरी तरह जमकर बर्फ का मनमोहक स्तंभ बन गया है, जिसे देखने और सेल्फी लेने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बहता पानी रातोंरात बर्फ बन रहा है। इन जिलों में रात का पारा लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है।

पहाड़ी क्षेत्रों में कोल्ड वेव का असर है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह-शाम और रात के समय ठिठुरन बेहद बढ़ गई है। आज सुबह मंडी में ब्यास नदी के किनारे और बिलासपुर में भाखड़ा बांध क्षेत्र में कोहरा इतना घना था कि विजिबिलिटी महज 50 मीटर से भी कम रह गई।

प्रदेश में तीन स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच चुका है, 16 जगहों पर 5 डिग्री से कम और 28 शहरों-कस्बों में 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान -4.4 डिग्री, कुकुमसेरी में -5.6 डिग्री और कल्पा में -0.6 डिग्री तक लुढ़क गया है। मैदानी क्षेत्रों का पारा भी जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया है।

राजधानी शिमला में रात का तापमान मामूली बढ़ोतरी के बाद 8.6 डिग्री दर्ज हुआ है, लेकिन मैदानी जिलों में ठंड और तेज हो गई है। सुंदरनगर 2.0, भुंतर 1.5, मनाली 1.1, बजौरा 1.4, सोलन 3.0, मंडी 3.1, हमीरपुर 3.2, कांगड़ा 4.4, पालमपुर 5.0, ऊना 5.9, धर्मशाला 6.0, बिलासपुर 6.5 और देहरा गोपीपुर में रात का तापमान 6.0 डिग्री तक गिर गया है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश में मौसम मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि शिमला सहित कुछ जगहों पर सुबह से हल्के बादल दिखाई दे रहे हैं। रविवार को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों में भी बारिश-बर्फबारी का अनुमान था, लेकिन प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा।