छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की पुलिस ने एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा किया है, जहाँ एक 55 वर्षीय व्यक्ति को महिलाओं से धोखाधड़ी कर शादी करने और उन्हें लूटने के आरोप में गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान बिरेन कुमार सोलंकी के रूप में हुई है, जिसके खुद के तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ा बेटा 35 साल का है। इसके बावजूद, बिरेन खुद को कुंवारा बताकर अब तक चार शादियां कर चुका है।
यह मामला तब सामने आया जब दुर्ग की एक महिला शिक्षिका ने मोहन नगर थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि बिरेन के साथ उनका चार साल का रिश्ता रहा और आखिरकार 2023 में उन्होंने शादी कर ली। शादी के समय बिरेन अकेले ही गुजरात से आया था और बारात न लाने के लिए उसने ट्रेन की टिकट न मिलने का बहाना बनाया।
शिकायत के अनुसार, शादी के बाद बिरेन कई दिनों तक शिक्षिका को बातों में उलझाता रहा और मौका पाते ही उनके 32 लाख रुपए नकद और 12 लाख रुपए के जेवर लेकर फरार हो गया। इस तरह उसने कुल 44 लाख रुपए की ठगी की।
पीड़िता की शिकायत मिलने पर दुर्ग पुलिस ने जाँच शुरू की और पाया कि बिरेन सोलंकी एक शातिर अपराधी है जो शादी के नाम पर महिलाओं को फंसाकर लूटता था। महिला शिक्षिका से शादी उसकी चौथी धोखाधड़ी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिरेन को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।