भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को सकारात्मक शुरुआत की। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बाजार में आई तेजी वैश्विक स्तर पर मिले सकारात्मक संकेतों और निवेशकों की खरीदारी से समर्थित रही।
सुबह के कारोबार में बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 337.06 अंकों की मजबूती के साथ 84,818.87 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 95.45 अंकों की बढ़त के साथ 25,911.00 पर कारोबार कर रहा था।
आज ज्यादातर प्रमुख सेक्टर्स में खरीदारी देखने को मिली, खासकर आईटी शेयरों में मजबूती रही। इंफोसिस के शेयरों में लगभग 1.44 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई, जो सबसे ज्यादा रही। इसके अलावा टीसीएस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और टाटा एलेक्सी जैसे आईटी स्टॉक्स भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
अन्य प्रमुख कंपनियों में भारती एयरटेल करीब 0.83 प्रतिशत ऊपर रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, पावरग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, कोटक महिंद्रा बैंक और सन फार्मा जैसे बड़े शेयर भी लाभ के साथ चल रहे थे।
हालांकि कुछ स्टॉक्स में हल्की गिरावट भी देखी गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 0.03 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.06 प्रतिशत और टाइटन कंपनी 0.09 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
आज निवेशकों का ध्यान कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों पर टिका हुआ है। वैश्विक स्तर पर ब्रिटेन के रिटेल सेल्स डेटा और अमेरिका से फेडरल रिजर्व की बैलेंस शीट से जुड़ी जानकारी जारी होगी। घरेलू मोर्चे पर आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक और भारत के विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़े बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
एशियाई बाजारों में भी खरीदारी का माहौल रहा। निवेशक बैंक ऑफ जापान के नीतिगत फैसले का इंतजार कर रहे हैं। बाजार को उम्मीद है कि जापान की केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकती है और दरें 0.75 प्रतिशत तक पहुंच सकती हैं, जो 1995 के बाद का उच्चतम स्तर होगा। इस बीच जापान का निक्केई, ऑस्ट्रेलिया का एएसएक्स 200 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
अमेरिकी बाजार में भी तेजी देखी गई। एसएंडपी 500 ने चार सत्रों की गिरावट के बाद रिकवरी दिखाई। कमजोर महंगाई आंकड़ों से 2026 में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावना मजबूत हुई है। साथ ही माइक्रॉन टेक्नोलॉजी के सकारात्मक आउटलुक से टेक शेयरों में जोरदार खरीदारी हुई, जिससे नैस्डैक में खासा उछाल देखा गया।