छत्तीसगढ़ के  CAF कैंप में जवान ने सोते हुए साथी को मारी गोली, मौत

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ही साथी जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात गातापार थाना क्षेत्र के अंतर्गत घाघरा गांव स्थित CAF बटालियन कैंप में रविवार देर रात घटित हुई। पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है।

सोते समय सर्विस राइफल से किया हमला जानकारी के अनुसार, रविवार रात कैंप में सभी जवान भोजन करने के बाद सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी जवान अरविंद गौतम ने अपनी सर्विस राइफल निकाली और गहरी नींद में सो रहे साथी जवान सोनवीर जाट पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि गोली सोनवीर के हाथ को चीरते हुए उसके गाल में जा फंसी। गोली चलने की आवाज सुनकर कैंप में हड़कंप मच गया और अन्य जवान तुरंत मौके पर पहुंचे।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम घायल जवान सोनवीर जाट, जो कि उत्तर प्रदेश के निवासी थे, उन्हें सोमवार तड़के जिला मुख्यालय स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शहीद जवान के शव को अस्पताल की मॉर्चुरी में रखा गया है और परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जांच में जुटी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां वारदात के बाद कैंप और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि प्राथमिक तौर पर घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। आधिकारिक बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।

सुरक्षा बलों में बढ़ती तनाव की घटनाएं गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के बीच तनाव और आत्महत्या की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। अभी चार दिन पहले ही नारायणपुर जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र में बीएसएफ (BSF) के एक जवान सचिन कुमार ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने जवानों के मानसिक स्वास्थ्य और आपसी समन्वय पर सवाल खड़े कर दिए हैं।