राजस्थान के बाड़मेर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला कलेक्टर की आधिकारिक मेल आईडी पर बम से उड़ाने का धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इस सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और एहतियात के तौर पर पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करवाकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। मेल में न केवल बाड़मेर कलेक्ट्रेट, बल्कि दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत और प्रसिद्ध संगीतकार इलैयाराजा के चेन्नई स्थित आवासों को भी आरडीएक्स धमाकों से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी।
पुलिस बल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर
बाड़मेर के पुलिस अधीक्षक (SP) नरेंद्र सिंह मीणा के अनुसार, यह धमकी भरा मेल सोमवार रात करीब 10:45 बजे प्राप्त हुआ था। मंगलवार सुबह जब कलेक्टर के निजी सहायक (PA) ने मेल देखा और पुलिस को सूचित किया, तो तुरंत भारी पुलिस बल और डॉग स्क्वायड की टीमों को मौके पर बुलाया गया। मेल में स्पष्ट रूप से लिखा गया था कि कलेक्ट्रेट कार्यालय और तमिलनाडु की नामचीन हस्तियों के घरों में तीन आरडीएक्स बम रखे गए हैं, जो दोपहर 12 बजे तक फट जाएंगे। पत्र में प्रशासन को चेतावनी दी गई थी कि विस्फोटों से पहले संबंधित स्थानों को खाली कर दिया जाए।
धमकी के मद्देनजर पूरे कलेक्ट्रेट परिसर की घेराबंदी कर दी गई और वहां मौजूद कर्मचारियों व आम जनता को बाहर निकाला गया। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता परिसर के कोने-कोने की जांच कर रहा है। इसके साथ ही, तमिलनाडु के नेताओं और अभिनेताओं के घरों की सुरक्षा के संबंध में भी संबंधित राज्य की पुलिस को अलर्ट भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिस मेल आईडी से यह संदेश भेजा गया है, उसकी तकनीकी जांच की जा रही है ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।
प्रशासन और पुलिस फिलहाल इस मेल को गंभीरता से लेते हुए हर संदिग्ध वस्तु की जांच कर रहे हैं। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा कारणों से कलेक्ट्रेट में कामकाज को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है और पूरे इलाके में कड़ा पहरा बैठा दिया गया है।