छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहाँ भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की अज्ञात हमलावरों ने नृशंस हत्या कर दी। हमलावरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब अक्षय गर्ग कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम केशलपुर में PMGSY सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे। हमलावरों की बेरहमी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने भाजपा नेता पर चाकू और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना आज सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक काले रंग की कार में सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। हमले में अक्षय गर्ग के सिर, गर्दन, पेट और पीठ पर गहरे घाव लगे। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत कटघोरा के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को पुरानी रंजिश का शक घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिला पुलिस के आला अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्या के पीछे किसी पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
इलाके में भारी आक्रोश और तनाव भाजपा नेता की दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे जिले में शोक और आक्रोश की लहर है। अस्पताल के बाहर परिजनों और समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई है, जिसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है। स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरा भय व्याप्त है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।