फिरोजपुर से 4 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पाकिस्तान से जुड़े तार

पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सक्रिय एक बड़े ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 4.013 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है। यह पूरी कार्रवाई फिरोजपुर जिले के ममदोट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सीमावर्ती इलाके में की गई है।

धुंध का फायदा उठाने की कोशिश हुई नाकाम

पुलिस प्रशासन द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में पड़ रही कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण सरहद पर दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम है। तस्कर इसी शून्य विजिबिलिटी का लाभ उठाकर पाकिस्तान से नशे की खेप भारतीय सीमा में भेजने की फिराक में थे। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपियों की यह कोशिश नाकाम रही और उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया गया।

ममदोट थाने में FIR दर्ज, बैकवर्ड लिंकेज की जांच जारी

पुलिस ने अभी तक गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों के नामों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उनके खिलाफ थाना ममदोट में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि हेरोइन की यह खेप पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई थी। पुलिस ने इस नेटवर्क के ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड’ लिंकेज स्थापित कर लिए हैं, जिससे इस ऑपरेशन के पीछे एक मजबूत अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पुष्टि हुई है।

सुरक्षा एजेंसियों के लिए नई चुनौती

इस कार्रवाई के दौरान सीमा पार से तस्करी के नए ट्रेंड ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अब सरहद पार से ऐसे उन्नत ड्रोन भेजे जा रहे हैं, जो भारतीय सीमा में ड्रग्स गिराने के बाद वापस पाकिस्तान लौटने में सक्षम हैं।

कई मामलों में ये ड्रोन इतने आधुनिक हैं कि वे एंटी-ड्रोन सिस्टम की नजर से भी बच निकल रहे हैं। लिस अब इस नई तकनीक से निपटने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। सीमावर्ती इलाकों में हाई-टेक कैमरों का नेटवर्क बिछाया जा रहा है और गश्त तेज कर दी गई है।

पंजाब सरकार और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है और जल्द ही इस मामले में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां संभव हैं।