इंदौर ड्रग्स पार्टी: भोपाल के बिल्डर की गिरफ्तारी के बाद बड़े खुलासे, ‘आंटी’ और फार्म हाउस कनेक्शन आया सामने

भोपाल के बिल्डर अबान शकील की गिरफ्तारी के बाद इंदौर के ड्रग्स नेटवर्क में चौकाने वाले नाम सामने आ रहे हैं। कनाड़िया पुलिस द्वारा शुरू की गई इस जांच में अब रतलाम के फार्म हाउस और शहर की पुरानी ड्रग्स माफिया ‘आंटी’ का कनेक्शन उजागर हुआ है।

रतलाम के फार्म हाउस पर हुई थी ड्रग्स पार्टी

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपियों ने हाल ही में रतलाम में दानिश नामक व्यक्ति के फार्म हाउस पर एक बड़ी पार्टी की थी। गिरफ्तार की गई युवतियों के मोबाइल से इस पार्टी के कई वीडियो मिले हैं, जिनमें ड्रग्स का सेवन करते देखा जा सकता है। पुलिस अब इस फार्म हाउस संचालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।

31 दिसंबर का वीडियो और ‘बाबा’ का नेटवर्क

वैभव उर्फ बाबा के मोबाइल से 31 दिसंबर की पार्टी का एक अहम वीडियो मिला है। इस वीडियो में अबान शकील, बाबा और कई युवतियां एमडी ड्रग्स का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। जांच में सामने आया कि हर्षद नाम के एक व्यक्ति ने ही बिल्डर अबान की मुलाकात बाबा से करवाई थी। हर्षद खुद भी नशे का आदी है और इस नेटवर्क का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

रैकेट में ‘आंटी’ की एंट्री

पूछताछ में आरोपियों ने एक ‘आंटी’ का जिक्र किया है, जो लसूड़िया और विजयनगर क्षेत्र में लड़कियों को ड्रग्स के जाल में फंसाने के लिए जानी जाती है। पुलिस इस महिला को 6 महीने पहले जेल भेज चुकी है, लेकिन चैटिंग और फोटो से संकेत मिले हैं कि जेल के बाहर भी उसका नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस अब मोबाइल डेटा के आधार पर इस रैकेट की पूरी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।