कोलंबिया में C-130 हरक्यूलिस क्रैश: 66 सैनिकों की मौत, 50 से आदिक घायल

कोलंबिया के दक्षिणी अमेजन क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हो गया। एयरफोर्स का लॉकहीड मार्टिन C-130 हरक्यूलिस विमान प्यूर्टो लेगुइजामो से उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अब तक 66 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक घायल हुए हैं। चार सैनिक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

विमान में कुल 125 लोग सवार थे, जिनमें 114 सैनिक और पुलिसकर्मी तथा 11 क्रू सदस्य शामिल थे। एक सैन्य सूत्र के अनुसार, मृतकों में 58 सैनिक, 6 वायुसेना कर्मी और 2 पुलिस अधिकारी शामिल हैं। हादसा पेरू सीमा के निकट पुतुमायो प्रांत के प्यूर्टो लेगुइजामो एयरबेस से टेकऑफ के तुरंत बाद हुआ। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने बताया कि विमान रनवे से करीब 1.5 किलोमीटर दूर जाकर गिरा।

राष्ट्रपति पेट्रो का दुख व्यक्त, सेना आधुनिकीकरण पर जोर

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जवानों की सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। पेट्रो ने बताया कि सरकार सेना को मजबूत बनाने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई नागरिक या सैन्य अधिकारी इस दिशा में जिम्मेदारी नहीं निभाता तो उसे पद से हटाया जाएगा।

राष्ट्रपति ने तत्काल नए हेलिकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट विमान और एंटी-ड्रोन सिस्टम खरीदने का निर्देश दिया ताकि भविष्य में सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने प्रशासनिक देरी को जिम्मेदार ठहराते हुए सेना के हथियारों और संसाधनों को आधुनिक बनाने की प्रक्रिया तेज करने पर बल दिया।

स्थानीय लोगों ने की तुरंत मदद

दुर्घटना स्थल पर आसपास के गांवों के निवासियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। कई लोगों ने मोटरसाइकिलों से घायलों को नजदीकी क्लीनिक पहुंचाया और आग बुझाने में सहायता की। बाद में गंभीर रूप से घायलों को बोगोटा समेत बड़े शहरों के अस्पतालों में एयरलिफ्ट किया गया।

रक्षा मंत्री सांचेज ने स्पष्ट किया कि हादसे में किसी आतंकी हमले या बाहरी कारक के सबूत नहीं मिले हैं। फिलहाल इसे शुद्ध दुर्घटना माना जा रहा है। क्रैश के बाद विमान में आग लग गई, जिससे गोला-बारूद में विस्फोट होने से स्थिति और गंभीर हो गई।

विमान की पृष्ठभूमि

यह C-130 हरक्यूलिस विमान 2020 में अमेरिका द्वारा कोलंबिया को दिया गया था और कुछ साल पहले इसका पूरा ओवरहॉल भी किया गया था। एविएशन विशेषज्ञों का कहना है कि शुरुआती जांच में खराब पुर्जों की आशंका नहीं है। मुख्य जांच का फोकस टेकऑफ के दौरान इंजन फेलियर पर है।

C-130 हरक्यूलिस दुनिया के सबसे विश्वसनीय सैन्य परिवहन विमानों में से एक है। यह कठिन और अनपेव्ड रनवे पर भी उतर-चढ़ सकता है। विमान सैनिकों, हथियारों, वाहनों और राहत सामग्री ढोने में सक्षम है। यह आपदा राहत, मेडिकल इमरजेंसी और एयरड्रॉप ऑपरेशन में भी व्यापक रूप से इस्तेमाल होता है। एक बार में यह लगभग 19,000 किलोग्राम तक सामग्री एयरड्रॉप कर सकता है।