अलवर के नीमराणा में AC फैक्ट्री में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

राजस्थान के अलवर जिले के घीलोठ औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ट्रांस एचसीआर एयर कंडीशनर कंपनी में मंगलवार को भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरी फैक्ट्री कुछ ही देर में आग की चपेट में आ गई।

घटना मंगलवार सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। आग लगने के बाद फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें और घना काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के गांवों और अन्य कारखानों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही नीमराणा, बहरोड़, घीलोठ और सोतानाला से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए काफी मेहनत की, लेकिन फैक्ट्री के अंदर मौजूद प्लास्टिक के पार्ट्स, पैकिंग मटेरियल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के कारण आग तेजी से फैल रही थी। रुक-रुक कर धमाकों की आवाजें भी सुनाई दे रही थीं।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, आग इतनी विकराल थी कि फैक्ट्री की छत तक जलकर राख हो गई। अंदर रखे गैस सिलेंडर, कंप्रेसर या केमिकल कंटेनर के फटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का सही कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या मशीनरी की किसी खराबी को मुख्य वजह माना जा रहा है।

गनीमत रही कि आग लगने के समय फैक्ट्री में कोई मजदूर मौजूद नहीं था, जिससे किसी जान-माल की हानि नहीं हुई। लेकिन कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। अनुमान है कि करोड़ों रुपये की मशीनरी, कच्चा माल और तैयार माल जलकर स्वाहा हो गया।

जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम जल्द ही मौके पर पहुंचकर आग के कारणों का पता लगाएगी और फैक्ट्री में अग्निशमन व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों की समीक्षा करेगी।

स्थानीय लोगों और औद्योगिक क्षेत्र के अन्य उद्यमियों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि घीलोठ जैसे बड़े औद्योगिक इलाकों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम और मजबूत किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।