इंदौर: सिंहासा में बेकरी में लगी भीषण आग, दमकल ने काबू पाया

इंदौर के धार रोड स्थित सिंहासा गांव में बुधवार सुबह एक बेकरी में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना सुफ्फा बेकरी की है, जहां सुबह करीब 9 बजे अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। उस समय बेकरी में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, कारण की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच चल रही है।

आग बुझाने में काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने करीब 10 टैंकर पानी का इस्तेमाल करने के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। आग का घना धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

बेकरी के आसपास नमकीन के कारखाने और गोदाम होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी, लेकिन समय पर सूचना और दमकल की त्वरित कार्रवाई से बड़े हादसे को टाला जा सका।