ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने की जोरदार टक्कर में कार सवार तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मंगलवार रात ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के निपानिया इलाके में हुआ।
पुलिस के अनुसार, गुलाब मेहर चंदेरी गांव निवासी हैं, जिनकी पत्नी रेखा सरपंच हैं। उनके बेटे हर्ष मेहर, भतीजे सतीश मेहर और दोस्तों लकी अहिरवार व योगेश सेन (गब्बर) ने रात करीब 11:30 बजे चाय पीने के लिए गांव से निपानिया की ओर कार से रवाना हुए थे।
कुछ ही दूरी पर चलते हुए सामने से आ रही भूसे से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में हर्ष मेहर, सतीश मेहर और लकी अहिरवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि योगेश सेन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
ट्रैक्टर की केवल एक हेडलाइट जल रही थी, जिसके कारण ड्राइवर को सामने आ रही कार का सही अंदाजा नहीं लग सका। बचाव कार्य के दौरान कार की चेसिस को काटकर शवों और घायल को बाहर निकालना पड़ा।
मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
- हर्ष मेहर (उम्र 23)
- सतीश मेहर (उम्र 26)
- लखन कुशवाह उर्फ लकी (उम्र 26)
घायल योगेश सेन उर्फ गब्बर (उम्र 27) भी काछी बरखेड़ा का निवासी है और पिता के साथ खेती का काम करता था। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।