अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को घोषणा की कि अमेरिका ईरान के साथ चल रहे सीजफायर को पाकिस्तान की अनुरोध पर अनिश्चितकाल तक बढ़ा रहा है। ट्रंप ने ईरान सरकार को “गंभीर रूप से विभाजित” बताते हुए कहा कि हमले अभी टाले जा रहे हैं, लेकिन ईरानी बंदरगाहों पर नौसेना की नाकेबंदी जारी रहेगी।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “ईरान सरकार में एकजुटता नहीं है। पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अपील पर हम हमला रोक रहे हैं, ताकि ईरानी नेता एक साझा प्रस्ताव तैयार कर सकें। मैंने सेना को निर्देश दिया है कि ब्लॉकेड जारी रखते हुए तैयार रहें। सीजफायर तब तक बढ़ाया गया है जब तक प्रस्ताव न आए और चर्चा पूरी न हो।
“यह फैसला ऐसे समय में लिया गया जब दो सप्ताह का अस्थायी सीजफायर मंगलवार-बुधवार को समाप्त होने वाला था। पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा था और बातचीत के लिए इस्लामाबाद में दूसरा दौर आयोजित करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ईरान की ओर से अभी स्पष्ट सहमति नहीं बनी है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि इससे क्षेत्रीय शांति के प्रयासों को समय मिलेगा।विश्लेषकों का कहना है कि इससे तत्काल बड़े हमलों का खतरा टल गया है, हालांकि हॉर्मुज जलडमरूमध्य और अन्य मुद्दों पर सहमति न बनने तक तनाव बना रहेगा। ईरान की ओर से इस विस्तार को “धमकी के बीच बातचीत” बताकर आशंका जताई जा रही है।