हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी अभिनेत्री दिव्यांका सिरोही के आकस्मिक निधन ने हर किसी को चौंका दिया है। 21 अप्रैल को 30 वर्षीय अभिनेत्री ने अंतिम सांस ली। उनकी अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं प्रशंसकों के बीच भी शोक की लहर दौड़ गई है।
अभिनेत्री के निधन के बाद सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे कई लोग उनका आखिरी पोस्ट समझ रहे हैं। इस तस्वीर में दिव्यांका पहाड़ों के बीच नजर आ रही हैं। उन्होंने जैकेट पहनी हुई है और सिर पर स्टॉल बांध रखा है, जिससे उनका आधा चेहरा ढका हुआ है। इस पोस्ट का कैप्शन “पीओवी: शिव मुझे अपने साथ ले चलो” अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
हालांकि, यह पोस्ट उनका अंतिम पोस्ट नहीं है। यह तस्वीर 9 जून 2023 को साझा की गई थी, जब दिव्यांका केदारनाथ मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। उनका वास्तविक आखिरी पोस्ट एक डांस वीडियो था, जिसमें वह सफेद और नीले रंग के फ्लोरल प्रिंट वाले लहंगा-चोली में नजर आई थीं। इस वीडियो में उनका अंदाज फैंस को काफी पसंद आया था। अब उसी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लोग उनके निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दिव्यांका राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद में रहती थीं। बताया जा रहा है कि घर पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और वह चक्कर खाकर गिर पड़ीं, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। 22 अप्रैल की सुबह उनके पैतृक स्थान पर अंतिम संस्कार किया गया।
परिवार के मुताबिक, घटना वाले दिन दिव्यांका सामान्य थीं और उन्होंने अपने भाई के लिए खाना भी बनाया था। उन्होंने हल्की तबीयत खराब होने की बात जरूर कही थी। बाद में भाई के बाहर जाने पर उन्होंने घर का गेट बंद करने के लिए मैसेज किया, जिसका दिव्यांका ने जवाब भी दिया। लेकिन जब परिवार के सदस्य लौटे, तो वह घर में मृत अवस्था में मिलीं।
परिजनों ने बताया कि उनका शरीर अकड़ा हुआ था और हल्की सूजन भी दिखाई दे रही थी। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।