राजस्थान: स्कूल जाते 14 वर्षीय बच्चे को कार ने कुचला, मौके पर मौत

शनिवार सुबह बाड़मेर जिले के लूखू गांव में स्कूल जा रहे 14 वर्षीय किशोर की बेकाबू कार से टक्कर हो गई। हादसे में बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार हरियाणा नंबर की बताई जा रही है, जिसमें दो लोग सवार थे जो टक्कर के बाद मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, लूखू गांव के रहने वाले सुखदेव (14) पुत्र उमाराम शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर से स्कूल की ओर पैदल जा रहा था। स्कूल से करीब 500 मीटर पहले शोभला की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से बच्चा करीब 15 फीट दूर उछलकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर पड़ा।

हादसे के बाद कार सड़क से उतरकर पास के खेत में जाकर रुक सकी। कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि कार में दो व्यक्ति सवार थे, जो घटना के तुरंत बाद भाग निकले।

सूचना मिलते ही बाछड़ाऊ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे को प्राइवेट वाहन से धोरीमन्ना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस ने बताया कि कार से मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। हरियाणा सीरीज वाली कार को कब्जे में लेकर ड्राइवर और सह-चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।