शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन रिकॉर्ड तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी नए उच्चतम स्तर पर

घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) व मेटल क्षेत्रों में मजबूत लिवाली के बल पर सेंसेक्स तथा निफ्टी ने नए रिकॉर्ड स्तर छुए।

सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 650 अंक की तेजी के साथ 77,994 के स्तर तक पहुंच गया। निफ्टी ने भी 24,300 का आंकड़ा पार करते हुए 24,337 तक कारोबार किया। दिन के दौरान सेंसेक्स में अधिकतम 655 अंकों की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी 24,378 के इंट्राडे उच्चतम स्तर तक पहुंचा।

गुरुवार को भी बाजार में चौतरफा लिवाली नजर आई थी। उस दिन सेंसेक्स 579 अंक ऊपर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 169 अंक की मजबूती के साथ समाप्त हुआ। बाजार को वैश्विक सकारात्मक रुझान, तेल की गिरती कीमतों और बेहतर तकनीकी संकेतों का अच्छा सहारा मिला।

व्यापक बाजार में भी खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। निफ्टी मिडकैप सूचकांक 0.21 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप सूचकांक 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। सेक्टोरल मोर्चे पर निफ्टी मेटल और निफ्टी आईटी सूचकांकों ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि निफ्टी बैंक और निफ्टी पीएसयू बैंक अपेक्षाकृत कमजोर रहे।