बारुईपुर नाबालिग दुष्कर्म-हत्या मामले में मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर

पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार किया था।

बारुईपुर के एसपी ने बताया कि क्राइम सीन की पुनर्रचना के दौरान प्रभास मंडल ने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनने और उन पर फायरिंग करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इस जघन्य घटना की क्रूरता सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता के सिर पर भारी वस्तु से गंभीर वार किया गया। इसके बाद उसे बोरी में डालकर तालाब में फेंक दिया गया, जबकि वह उस समय जिंदा थी। पानी के अंदर जाने से उसके फेफड़े और पेट में सूजन आ गई, जिससे डूबने की वजह से मौत हुई। शरीर पर खरोंच, काटने के निशान, यौन शोषण और अन्य शारीरिक यातनाओं के स्पष्ट प्रमाण मिले हैं। गुप्तांगों पर भी गंभीर चोटें पाई गईं।

घटना बारुईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धपधपी-2 पंचायत के सूर्यपुर हाट इलाके की है। पीड़िता शनिवार शाम घर से खाने का सामान लाने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन रविवार सुबह पास के तालाब से उसका शव बरामद हुआ।

सीसीटीवी फुटेज में चार लोगों द्वारा नाबालिग को साथ ले जाते हुए देखा गया, जिसके बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार और पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से चल रही है।