इंदौर के पत्रकार ने खोई पत्नी, चारधाम यात्रा के बाद बस हादसे, बोले- हम घर लौट रहे थे, एक पल में सब खत्म

राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। चारधाम यात्रा पूरी करके घर लौट रहे इंदौर के वरिष्ठ पत्रकार चंद्रप्रकाश गुप्ता (चंदू) की पत्नी निर्मला गुप्ता इस दुर्घटना में जान गंवा बैठीं। हादसे से कुछ घंटे पहले ही निर्मला ने सोशल मीडिया पर ‘यात्रा पूरी’ लिखकर स्टेटस पोस्ट किया था।

30 जून की रात करीब 2;30बजे ऋषिकेश से इंदौर आ रही स्लीपर बस ने आगे चल रहे ट्रेलर ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि बस में तुरंत आग लग गई। इस दुर्घटना में कुल 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए। मृतकों में निर्मला गुप्ता भी शामिल थीं।

यात्रा पूरी करने के बाद लौट रहे थे घर

चंद्रप्रकाश गुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले तीन साल से दोबारा चारधाम यात्रा पर जाने की इच्छा जता रही थीं। आखिरकार जून में दोनों पति-पत्नी बस से यात्रा पर निकले। चारों धामों में दर्शन पूरे होने के बाद वे हरिद्वार पहुंचे। वहां से इंदौर वापसी की बस पकड़ते समय निर्मला बेहद खुश नजर आ रही थीं।

बस में बैठने के बाद उन्होंने परिवार से फोन पर बात की और यात्रा सफल होने की जानकारी दी। उसी खुशी में उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘यात्रा पूरी’ का स्टेटस अपडेट किया। घर पहुंचकर विदिशा और वृंदावन जाने की भी योजना बनाई थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

हादसे की रात

चंद्रप्रकाश ने हादसे का वर्णन करते हुए बताया कि नींद में अचानक तेज धमाके की आवाज सुनकर उनकी आंख खुली। बस और ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऊपरी बर्थ वाले यात्री नीचे गिर पड़े। निर्मला खिड़की की तरफ सो रही थीं।

धुएं और चीख-पुकार के बीच चंदू ने पत्नी को पुकारा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। आग तेजी से फैल रही थी। किसी ने उन्हें जबरदस्ती बस से बाहर निकाला। वे पत्नी को बचाने वापस जाना चाहते थे, लेकिन आग ने सब कुछ निगल लिया। चंदू ने कहा, “हम बस घर पहुंचने वाले थे, लेकिन एक पल में पूरी दुनिया बदल गई।”