दक्षिणी वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फू क्वोक द्वीप के निकट शनिवार को एक स्पीडबोट के पलट जाने से 15 भारतीय पर्यटकों की जान चली गई। इस हादसे में कुल 32 भारतीय यात्री सवार थे।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू सदस्य मौजूद थे। हादसे के बाद 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
दुर्घटना Hon May Rut Ngoai द्वीप से An Thoi पोर्ट की ओर जाते समय हुई। नाव द्वीप से करीब 400 मीटर दूर समुद्र में पलटी। समुद्र में उठी लहरों और खराब मौसम को मुख्य वजह माना जा रहा है। कई यात्री नाव के अंदर फंस गए, जिससे बचाव में दिक्कत हुई। स्थानीय नावों, कोस्ट गार्ड और नेवी की टीमों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
भारतीय दूतावास ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है। हनोई और हो ची मिन्ह सिटी में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। दूतावास वियतनामी अधिकारियों के साथ मिलकर पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।
प्रारंभिक रिपोर्ट्स में ज्यादातर प्रभावित पर्यटक तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बताए जा रहे हैं। आंध्र प्रदेश सरकार ने भी घटना की निगरानी शुरू कर दी है और संबंधित अधिकारियों को प्रभावित लोगों की मदद के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि भारतीय मिशन निरंतर सहायता प्रदान कर रहा है।