मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी 14-15 जुलाई को दो दिवसीय साइकिल अभियान चलाने जा रहे हैं। इंदौर से भोपाल तक करीब 200 किलोमीटर की यह यात्रा ‘युवा स्वाभिमान : Gen-Z Cyclothon’ के नाम से आयोजित की जाएगी।
इस दौरान रास्ते में पड़ने वाले हर जिले से लगभग 500 साइकिलिस्ट यात्रा में शामिल होंगे। पटवारी युवाओं, छात्रों और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं को सुनेंगे।
अभियान के मुख्य मुद्दे
कांग्रेस ने बताया कि यह कार्यक्रम मुख्य रूप से नीट यूजी, सीबीएसई समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक, युवा बेरोजगारी और शिक्षा-रोजगार से जुड़ी चुनौतियों पर केंद्रित रहेगा। पार्टी इसे ‘मध्य प्रदेश बचाओ’ अभियान का हिस्सा मान रही है। यात्रा के समापन पर भोपाल में मुख्यमंत्री निवास के समीप प्रदर्शन की भी संभावना है।
जीतू पटवारी ने सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं और जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे इस साइकिल यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और बदलाव की मुहिम को मजबूत बनाएं।