पेपर लीक, NEET-UG घोटाले और युवा बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आज बड़ा आंदोलन शुरू किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी खुद इंदौर से भोपाल तक लगभग 200 किलोमीटर लंबी दो दिवसीय साइकिल यात्रा (साइक्लोथॉन) पर निकले। यह यात्रा युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली गई है।
यात्रा सुबह इंदौर के रवींद्रनाथ टैगोर मार्ग से शुरू हुई। पटवारी पूरे रास्ते साइकिल चलाकर भोपाल पहुंचेंगे। पहले दिन यह यात्रा देवास होते हुए सीहोर जिले के आष्टा में रुकेगी। दूसरे दिन 15 जुलाई को यात्रा भोपाल में समाप्त होगी। कांग्रेस ने दावा किया है कि इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल समेत विभिन्न जिलों से दो हजार से अधिक साइकिल सवार इसमें शामिल होंगे।
पटवारी का तीखा हमला
देवास पहुंचकर जीतू पटवारी ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मगरमच्छ की मोटी चमड़ी वाली सरकार है, जो युवाओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की और पूछा कि हर घोटाले में बीजेपी से जुड़े लोग क्यों निकलते हैं। पटवारी ने शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा उठाए गए छात्रों के मुद्दों का समर्थन करने के लिए यह यात्रा निकाली गई है। यह लड़ाई युवाओं के स्वाभिमान और न्याय के लिए जारी रहेगी।
यात्रा का मकसद
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, यह साइक्लोथॉन NEET-UG, CBSE परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों, बार-बार हो रहे पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए है। रास्ते में छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद किया जाएगा। कई स्थानों पर यात्रा का फूल-मालाओं से स्वागत हो रहा है।