महाकाल मंदिर में एआई से फर्जी VIP पास बनाकर घुसपैठ की कोशिश

विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा में सेंध लगाने की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भोपाल से आए एक युवक और उसके दो नाबालिग साथियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टूल की मदद से जाली वीआईपी पास बनाकर मंदिर परिसर में घुसने की कोशिश की। हालांकि, सतर्क सुरक्षा कर्मियों ने उनकी चालाकी पकड़ ली।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी मंगलवार दोपहर एआई का उपयोग करके वीआईपी पास की नकल तैयार करने में सफल रहे और उसी के आधार पर मंदिर के अंदर पहुंच भी गए। लेकिन सुरक्षा जांच के दौरान पास पर छपे “गर्भगृह दर्शन” शब्द पर संदेह हुआ। दरअसल, पिछले ढाई साल से श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश पूरी तरह बंद है। इस पर बारकोड और अन्य डिटेल्स की जांच की गई तो पास नकली पाया गया।

महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि तुरंत तीनों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी भरत उइके (19 वर्ष), निवासी कोलार रोड, भोपाल ने स्वीकार किया कि उन्होंने एआई टूल से पास का फॉर्मेट तैयार किया था। उसके साथ दो नाबालिग भी शामिल थे।

पुलिस ने भरत उइके के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है, जबकि दोनों नाबालिगों के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बाद में तीनों को सामान्य कतार में बाबा महाकाल के दर्शन कराए गए।