भोपाल: कमल नगर में गोवध का मामला, मांस से भरा ऑटो जब्त

निशातपुरा थाना क्षेत्र के कमल नगर इलाके में शुक्रवार तड़के बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने एक सीएनजी ऑटो को मांस की भारी मात्रा के साथ पकड़ लिया। कार्यकर्ताओं ने रात करीब तीन बजे सूचना मिलते ही इलाके में घेराबंदी की, जिसके बाद ऑटो चालक मौके से भाग निकला।

पुलिस ने ऑटो और उसमें बरामद संदिग्ध मांस को जब्त कर लिया है। मामले में गोवध अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत FIR दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

लखन यादव नामक शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक डेयरी के नाम पर लंबे समय से गोवंश का वध कर मांस बेचा जा रहा था। उनके और साथियों के पहुंचने पर अजीज, उसके बेटे आसिफ, दामाद जुबेर, फरमान समेत कई लोग मौजूद थे। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सीएनजी ऑटो (MP-04 WD-0775) के अंदर गाय की चीखने और काटने की आवाजें सुनाई दीं। विरोध करने पर आरोपी भागने लगे, जिसमें अजीज और आसिफ को पकड़ लिया गया जबकि बाकी फरार हो गए।

पुलिस की तलाशी में ऑटो की पिछली सीट पर पीले तिरपाल में लिपटा भारी मात्रा में संदिग्ध मांस, खाल, सिर, पैर, रस्सियां और धारदार हथियार बरामद हुए। बरामद मांस के सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि मांस किस पशु का है।

जांच के दौरान पुलिस एक संदिग्ध के घर भी पहुंची, जहां दो गोवंश बंधे मिले। हिंदू संगठनों ने दावा किया कि इन पशुओं को भी काटने की तैयारी चल रही थी, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और गोवध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। शिकायत, मौके के साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।