मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी के एसोसिएट खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद को एफआईएच हॉकी विश्व कप-2026 के लिए भारतीय पुरुष टीम में शामिल किया गया है। यह टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होगा।
विवेक सागर प्रसाद एक बार फिर भारतीय मिडफील्ड की कमान संभालते नजर आएंगे। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण तैयार किया है। टीम की कप्तानी हरमनप्रीत सिंह करेंगे, जबकि मनप्रीत सिंह जैसे दिग्गज भी टीम का हिस्सा हैं।
पूल-डी में चुनौती
भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपना अभियान 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ शुरू करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान से मुकाबला होगा।
प्रदेश के लिए गौरव की बात
लंबे समय से भारतीय टीम के भरोसेमंद मिडफील्डर रहे विवेक का चयन मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी के लिए बड़ी उपलब्धि है। खेल विभाग के अधिकारी इसे प्रदेश की हॉकी अकादमियों की सफलता का प्रमाण मान रहे हैं, जो लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी तैयार कर रही हैं।