ग्वालियर: लिपस्टिक से सजी ‘किसिंग कार’ पर पुलिस का एक्शन, 5500 रुपये का लगाया चालान

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोशल मीडिया पर रील वायरल करने की होड़ एक अनोखे अंदाज में सामने आई। एक युवक ने अपनी कार को पूरी तरह लिपस्टिक के चुंबन-निशानों से सजा दिया। गर्लफ्रेंड ने करीब साढ़े तीन से चार घंटे मेहनत कर कार की बॉडी पर लगभग 3400 किस के निशान बनाए। वीडियो इंस्टाग्राम पर डालते ही एक दिन में ही करीब 55 लाख व्यूज मिल गए, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई कर दी।

कार मालिक आदित्य सिकरवार हैं। उनकी सफेद स्विफ्ट कार (नंबर एमपी07 सीसी 9452) पर विदेशी ट्रेंड से प्रेरित होकर गर्लफ्रेंड ने लाल लिपस्टिक से दरवाजे, बोनट, बूट और अन्य हिस्सों पर चुंबन के निशान छाप दिए। इस काम में करीब 800-900 रुपये का लिपस्टिक खर्च हुआ। आदित्य ने कार को सड़क पर ले जाकर वीडियो बनाया और अपलोड कर दिया। वीडियो में कार तेज रफ्तार से चलती दिख रही थी, जिस पर लिपस्टिक के निशान साफ नजर आ रहे थे।

यातायात पुलिस ने नंबर प्लेट से कार का पता लगाया और थाटीपुर इलाके से उसे थाने बुलाया। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 5500 रुपये का चालान काटा गया। आदित्य ने गलती स्वीकार की और थाने में खुद पानी से कार पर बने सभी निशान मिटाए।

आदित्य का कहना है कि मकसद सिर्फ रील वायरल कराना और फॉलोअर्स बढ़ाना था। ट्रेंड तो कामयाब रहा, लेकिन ट्रैफिक नियमों की अनदेखी महंगी पड़ गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के लिए सड़क सुरक्षा और वाहन नियमों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।