जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में बुधवार सुबह एक यात्री बस अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसा गुल्ली गला इलाके में हुआ।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार इस दुर्घटना में 16 यात्री घायल हुए हैं। एक महिला और एक बच्ची की मौत की खबर भी सामने आई है। हालांकि केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुरुआती जानकारी में किसी की मौत की पुष्टि नहीं की थी।
बस नंबर जेके02एएल-3477 बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे पंचौंड से ऊधमपुर के लिए रवाना हुई थी। लगभग 7:30 बजे लाटी मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर और पंचौंड से पांच किलोमीटर दूर यह दुर्घटना हुई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को निजी वाहनों से उप जिला अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया। कुछ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। प्रशासन और बचाव दल राहत कार्यों में लगे हुए हैं।
पूर्व सरपंच हंस राज ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर सड़क की हालत खराब है। इसे फिलहाल हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ऊधमपुर के उपायुक्त अनंत द्विवेदी से बात की। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। मंत्री का कार्यालय जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में है।