दिवाली से पहले अमूल ने घी-बटर के दाम बढ़ाए: 1 किलो घी अब ₹680

देश की प्रमुख डेयरी ब्रांड अमूल ने त्योहारों के मौके पर घी और बटर की कीमतें बढ़ा दी हैं। एक किलो के घी कार्टन की कीमत अब 680 रुपये हो गई है, जो पहले 630 रुपये थी। यानी 50 रुपये की बढ़ोतरी। 100 ग्राम के बटर पैक की कीमत 63 रुपये से बढ़कर 66 रुपये कर दी गई है।

नई कीमत सूची

  • 1 किलो घी कार्टन: 630 → 680 रुपये (50 रुपये बढ़े)
  • 500 ग्राम प्योर घी पाउच: 325 → 345 रुपये (20 रुपये बढ़े)
  • 100 ग्राम बटर: 63 → 66 रुपये (3 रुपये बढ़े)
  • 500 ग्राम बटर: 310 → 325 रुपये (15 रुपये बढ़े)

क्यों बढ़े दाम?

अमूल से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक, गुजरात और राजस्थान में नकली घी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग अचानक बढ़ गई है। पिछले छह महीनों में इन दोनों राज्यों से करीब दो लाख किलो नकली घी जब्त किया गया। इससे आम लोग लोकल या सस्ते विकल्प छोड़कर अमूल जैसे विश्वसनीय ब्रांड की ओर रुख कर रहे हैं।

त्योहारी सीजन में देश की सालाना घी खपत का लगभग 45 प्रतिशत हिस्सा इस्तेमाल होता है। कई शहरों में अमूल के गाय के घी की कमी भी महसूस की जा रही है। कंपनी की ऑनलाइन साइट पर कुछ किस्में उपलब्ध नहीं दिख रही हैं।