एमपी में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, 3 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

मध्य प्रदेश में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान गिरकर 7.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। राजधानी भोपाल और जबलपुर समेत प्रदेश के सात शहरों में पारा 10 डिग्री के निशान से नीचे चला गया है।

बीती रात करौंदी में सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद शहडोल के कल्याणपुर में 8 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 9.1 डिग्री, उमरिया में 9.2 डिग्री, रीवा में 9.4 डिग्री, जबलपुर में 9.8 डिग्री और भोपाल में 9.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। दिलचस्प बात यह रही कि प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री रहा, यानी भोपाल और जबलपुर पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडे साबित हुए।

मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ रहा है, जिससे रात का तापमान लगातार गिर रहा है।

तीन दिन का बारिश-आंधी अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से 20 से 22 नवंबर तक पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। आज 20 नवंबर को मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने का अनुमान है।