ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार कोई पाकिस्तानी संघीय मंत्री भारत की धरती पर पहुंचा है। जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार को दिल्ली आए। वे शंघाई सहयोग संगठन के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह दौरा मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की भारत यात्रा का पहला मौका है। मई 2025 में हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच यह सबसे ऊंचा कूटनीतिक संपर्क माना जा रहा है।
फोरम 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली के पुराना किला में चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे इसका उद्घाटन करेंगे। संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। इसका मकसद सदस्य देशों की साझा सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करना है।
भारत ने SCO के सदस्य देशों समेत कुल 25 देशों को निमंत्रण भेजा था। इनमें से 15 से अधिक देशों ने भागीदारी की पुष्टि की है। इनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस समेत कई देश शामिल हैं।
भारत ने मूल रूप से पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री को आमंत्रित किया था, लेकिन इस्लामाबाद ने जलवायु मंत्री मुसादिक मलिक को भेजा। पाकिस्तान हाई कमीशन ने बताया कि मलिक को दिल्ली एयरपोर्ट पर चार्जे द अफेयर्स साद वर्राइच ने रिसीव किया।
विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि यह SCO के तहत बहुपक्षीय कार्यक्रम है। सभी सदस्य देशों को आमंत्रित करने की परंपरा का पालन किया गया है। इसे द्विपक्षीय संबंधों में कोई नई शुरुआत या थॉ नहीं माना जाना चाहिए।