मिस यूनिवर्स 2026: जेनिफर बैरेटो की ऐतिहासिक जीत, भारतीय कारीगरों का योगदान भी रहा खास

75वें मिस यूनिवर्स के फाइनल में प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी ही भूमि पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 116 देशों की प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए ताज अपने नाम किया। यह प्यूर्टो रिको की छठी मिस यूनिवर्स जीत है और 20 साल बाद मिली सफलता।

जेनिफर बैरेटो मिस यूनिवर्स के इतिहास में खास मुकाम पर पहुंच गईं। वे इस खिताब को जीतने वाली पहली शादीशुदा महिला और पहली मां हैं। 2023 में नियमों में बदलाव के बाद शादीशुदा महिलाओं और माताओं को भाग लेने की अनुमति मिली थी। जेनिफर की सात साल की बेटी पेनेलोप है। वे मनोविज्ञान और सोशल वर्क की पढ़ाई कर चुकी हैं और अमेरिकी सेना से जुड़े प्रिवेंशन प्रोग्राम में काम करती हैं।

भारतीय कारीगरों का योगदान

फाइनल राउंड में जेनिफर ने डिजाइनर लुइस एंटोनियो का खास गाउन पहना। यह गाउन प्यूर्टो रिको की पिछली पांच मिस यूनिवर्स विजेताओं के योगदान को सम्मान देने के लिए बनाया गया था।

गाउन बनाने की प्रक्रिया कई जगहों से गुजरी। पैटर्न प्यूर्टो रिको में तैयार हुआ, न्यूयॉर्क में डिजिटल फिटिंग हुई और फिर भारत भेजा गया। यहां के कारीगरों ने सफेद, चांदी और पारदर्शी कनूटिल के साथ सिमेट्रिकल कढ़ाई और पेडरेरिया का काम हाथ से पूरा किया। आखिर में प्यूर्टो रिको वापस लाकर अंतिम सिलाई और फिटिंग की गई।

गाउन डीप हाल्टर नेक, खुली पीठ और मर्मेड कट वाला है। सफेद-सिल्वर शेड में तैयार इस पोशाक के साथ सफेद पंखों की केप भी थी, जो इसे और भव्य बनाती थी।

अन्य परिणाम

  • प्रथम रनर-अप: मेलिसा नुनेज़ (डोमिनिकन रिपब्लिक)
  • द्वितीय रनर-अप: क्लारा वेगास गोएट्स (वेनेजुएला)