हरियाणा की उभरती हुई म्यूजिक वीडियो आर्टिस्ट और मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की दर्दनाक मौत ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। 23 वर्षीय शीतल, जो हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में तेजी से लोकप्रिय हो रही थीं, एक शूट के लिए घर से निकली थीं और दो दिन बाद उनका शव एक नहर के पास मिला। इस खबर ने न केवल उनके परिवार, बल्कि उनके प्रशंसकों और इंडस्ट्री के लोगों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
शूटिंग के बाद रहस्यमयी ढंग से गायब हुई मॉडल
14 जून को शीतल अपने गांव अहर में एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के लिए गई थीं। लेकिन शाम तक जब वह घर नहीं लौटीं और न ही उनका किसी से संपर्क हुआ, तो परिजनों को चिंता सताने लगी। उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा था और सोशल मीडिया पर भी वह अचानक सक्रिय नहीं रहीं, जिससे उनके परिजन और भी बेचैन हो गए। इस परिजनों ने पानीपत के मतलौड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
दो दिन बाद नहर में मिला शव
16 जून को सोनीपत के खरखोदा थाना क्षेत्र के पास रिलायंस नहर के किनारे एक अज्ञात युवती की लाश बरामद हुई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने जब शव की स्थिति देखी तो अंदेशा हुआ कि युवती की बेरहमी से हत्या की गई है। गले पर तेज धारदार हथियार से काटने के गहरे निशान थे। शुरुआती तौर पर शव की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन बाद में हाथ और छाती पर बने टैटू की मदद से उसकी पहचान की गई।
बहन ने की पहचान, परिवार में पसरा मातम
शीतल की बहन ने शव को देखकर उसकी पुष्टि की। शीतल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी बहन ने बताया कि शीतल ने वीडियो कॉल पर बताया था कि उसका बॉयफ्रेंड उस पर कुछ दबाव बना रहा था और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इस बयान के बाद परिजनों ने सीधे तौर पर हत्या का शक शीतल के दोस्त सुनील पर जताया है।
नहर में मिली कार, घायल मिला दोस्त
वहीं, पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि जिस दिन शीतल लापता हुई थी, उस दिन वह अपने दोस्त सुनील के साथ एक कार में सवार होकर शूटिंग के लिए निकली थी। वह कार बाद में पानीपत की नहर में मिली जबकि सुनील को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया। इस घटना ने मामले को और उलझा दिया है, क्योंकि शीतल का शव सोनीपत में मिला, जबकि कार पानीपत में मिली थी। अब दो जिलों की पुलिस इस हत्या और संभावित साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
पुलिस ने माना हत्या का मामला, जांच तेज
सोनीपत पुलिस के डीएसपी राजबीर सिंह ने पुष्टि की कि युवती की मौत किसी हादसे का नतीजा नहीं है बल्कि यह सुनियोजित हत्या है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार हत्या किसी और स्थान पर की गई और फिर शव को नहर में फेंक दिया गया।
टेक्नोलॉजिकल एविडेंस पर टिकी जांच
जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस अब तकनीकी सबूतों पर जोर दे रही है। पुलिस शीतल और सुनील के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन हिस्ट्री, सोशल मीडिया गतिविधियों और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर रही है। इसके अलावा, पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि क्या कार का नहर में गिरना एक सोची-समझी साजिश थी या महज एक हादसा।
संयुक्त टीम कर रही है छानबीन
चूंकि मामला दो जिलों – पानीपत और सोनीपत – में फैला हुआ है, इसलिए दोनों जिलों की पुलिस ने मिलकर एक संयुक्त जांच टीम गठित की है। यह टीम मामले से जुड़े हर पहलू की पड़ताल कर रही है, ताकि जल्द से जल्द सच सामने आ सके।
शीतल की मौत ने हरियाणा की म्यूजिक इंडस्ट्री को भी एक गहरा झटका दिया है। उनकी अचानक और रहस्यमयी मौत ने एक बार फिर इस सवाल को जन्म दिया है कि क्या उभरती कलाकारों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं होनी चाहिए?
पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या का रहस्य पूरी तरह सामने आ जाएगा, और दोषियों को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।