Women save husband from bear in Singrauli: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली लेकिन घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को चौंका दिया है। जिले के लंघाडोल क्षेत्र के डीगवाह गांव में एक महिला ने अपने पति की जान बचाने के लिए चार भालुओं से अकेले मुकाबला कर बहादुरी की मिसाल पेश की है।
कैसे दिखाई महिला ने बहादुरी
रविवार को जागबली सिंह अपनी पत्नी के साथ जंगल में डोरी बीनने गए थे। इसी दौरान अचानक चार जंगली भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। जानलेवा हमले में जागबली गंभीर रूप से घायल हो गए। लेकिन खतरे के इस क्षण में उनकी पत्नी ने जो साहस दिखाया, वह वाकई काबिले तारीफ है। महिला ने बिना डरे पत्थर उठाकर भालुओं पर फेंकने शुरू कर दिए और जोर-जोर से चिल्ला कर लोगों को बुलाया। महिला की चतुराई और निर्भयता के आगे कुछ देर में भालू पीछे हटने लगे।
चहुँ ओर हो रही महिला की तारीफ
महिला की आवाज सुनकर पास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, जिन्हें देख भालू जंगल की ओर भाग गए। जागबली को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, लेकिन साथ ही महिला के साहस की भी हर ओर तारीफ हो रही है। गांव वालों का कहना है कि ‘ यदि उसने वक्त पर महिला ने साहस नहीं दिखाया होता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
वन विभाग ने किया सतर्क
इस बीच, सिंगरौली वन विभाग के डीएफओ अखिल बंसल ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में समूह में जाएं और हमेशा सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि वन विभाग समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाता है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की सलाह दी है।