भोपाल क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को एमडी ड्रग्स तस्करी के आरोपी यासीन अहमद से जुड़े एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसी के साथ पिछले एक महीने में क्राइम ब्रांच अब तक 5 पिस्टल और 5 कारतूस बरामद कर चुकी है।
आरोपी की पहचान
एडिशनल डीसीपी (क्राइम ब्रांच) शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी का नाम लारिब खान (25), निवासी जहांगीराबाद है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पुरानी जेल रोड के पीछे एक युवक हथियार लेकर किसी वारदात की फिराक में खड़ा है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसकी पैंट की जेब से देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला पूछताछ में लारिब ने माना कि उसने यह हथियार करीब 4–5 महीने पहले यासीन अहमदसे 24,000 रुपये में खरीदा था। उसने यह भी बताया कि यासिन पूरे शहर में कई लोगों को अवैध हथियार सप्लाई करता है।
चौहान ने आगे बताया कि लारिब के यासीन अहमद और अंशुल उर्फ भूरी से ड्रग्स के धंधे में भी पुराने संबंध रहे हैं। वह पहले भी यासिन से एमडी ड्रग्स खरीद चुका है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस का मानना है कि अगर यासीन अहमदसे और पूछताछ की जाए, तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। यासीन अहमदपर शहर के अलग-अलग थानों में एक दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं, जिनमें ड्रग्स, हथियार, महिलाओं से जुड़े अपराध और अन्य मामले शामिल हैं।
फिलहाल लारिब खान को आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है।