इंदौर के गोल्डन स्कूल में बम की सूचना से मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की सर्चिंग

इंदौर, संवाददाता। शहर के केंट रोड स्थित गोल्डन स्कूल में मंगलवार सुबह अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल प्रबंधन को ईमेल के जरिए बम प्लांट किए जाने की धमकी मिली। मेल में लिखा था कि स्कूल परिसर में बम लगाया गया है, जो किसी भी समय फट सकता है। इस सूचना से प्रशासन और पुलिस दोनों सकते में आ गए।

सूचना मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन क्लासेस रोक दीं और बच्चों को तुरंत स्कूल बसों से घर भेजा गया। माता-पिता को सीधे तौर पर सूचित नहीं किया गया, लेकिन कई पेरेंट्स को बच्चों के अचानक घर लौटने से चिंता हुई।

ईमेल रात में आया, सुबह 10 बजे पुलिस मिली

जोन-1 एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा ने बताया कि यह ईमेल ‘नयनतारा आउटलुक’ नाम से रात 3:18 बजे आया था। स्कूल प्रबंधन ने सुबह 7 बजे मेल देखा। इसके बाद करीब तीन घंटे तक प्रबंधन स्तर पर चर्चा होती रही और अंततः सुबह 10 बजे के आसपास पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही राऊ पुलिस थाना स्टाफ, डॉग स्क्वाड और बम डिटेक्शन टीम मौके पर पहुंची। पूरे स्कूल कैंपस की सघन तलाशी ली जा रही है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और जांच की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

पेरेंट्स में चिंता, पुलिस कर रही अपील

फिलहाल पुलिस ने पेरेंट्स को सीधे संदेश नहीं भेजा है, ताकि अनावश्यक दहशत न फैले। हालांकि, कई अभिभावक खुद स्कूल पहुंच गए हैं। पुलिस ने अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पूरी तरह से जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखें।

मेल भेजने वाले की तलाश शुरू

पुलिस साइबर सेल को भी जांच में शामिल कर लिया गया है। मेल किस आईडी और आईपी एड्रेस से भेजा गया, इसका पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मेल की भाषा और समय को देखते हुए यह शरारती तत्वों की करतूत हो सकती है, लेकिन जांच पूरी होने तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता।