भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जल्द समझौते की उम्मीद, मोदी बोले- “मैं राष्ट्रपति ट्रम्प से बातचीत का इंतजार कर रहा हूं।”

भारत और अमेरिका के बीच जारी ट्रेड डील नेगोशिएशन को लेकर दोनों देशों के शीर्ष नेताओं ने आशा जताई है कि बातचीत जल्द ही ठोस नतीजे तक पहुंचेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि वे आने वाले हफ्तों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधी बातचीत करेंगे, ताकि सभी तरह के ट्रेड बैरियर खत्म किए जा सकें।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा—
“भारत और अमेरिका के बीच व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी है। आने वाले हफ्तों में मैं अपने अच्छे दोस्त पीएम मोदी से चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि दोनों महान देश एक सफल नतीजे तक पहुंचेंगे।”

मोदी ने भी जताई साझेदारी को मजबूत करने की उम्मीद

ट्रम्प के बयान के कुछ ही घंटे बाद प्रधानमंत्री मोदी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा—
“भारत और अमेरिका प्राकृतिक साझेदार हैं। हमारी टीमें व्यापार वार्ताओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए मेहनत कर रही हैं। मैं राष्ट्रपति ट्रम्प से बातचीत का इंतजार कर रहा हूं। मिलकर हम दोनों देशों के नागरिकों के लिए समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करेंगे।”

रिश्तों में तनाव, फिर भी ‘दोस्ती बरकरार’

ट्रेड वार्ता के बीच दोनों नेताओं के रिश्ते को लेकर भी कई बयान सामने आए। 6 सितंबर को व्हाइट हाउस में ट्रम्प ने भारत-अमेरिका संबंधों को “बहुत खास बताते हुए कहा था—
“मैं हमेशा पीएम मोदी का दोस्त रहूंगा। वह एक महान प्रधानमंत्री हैं। कभी-कभी मतभेद होते हैं, लेकिन भारत और अमेरिका का रिश्ता मजबूत है।”

हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा था कि इस समय भारत की कुछ नीतियां उन्हें पसंद नहीं आ रही हैं।

मौजूदा खींचतान का सबसे बड़ा कारण है अमेरिका का 50% टैरिफ, जो भारत पर ज्यादा शुल्क वसूलने और रूस से तेल खरीदने के चलते लगाया गया है। इस टैरिफ के कारण भारत का लगभग 85,000 करोड़ रुपए का निर्यात प्रभावित हो रहा है। पिछले छह महीनों से दोनों देशों की टीमें इस मसले पर लगातार चर्चा कर रही हैं।