रायपुर: रायपुर एयरपोर्ट पर बुधवार शाम नेविगेशन सिस्टम में आई बड़ी खराबी के चलते दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 5138 को आपात स्थिति में भोपाल डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, तेज आंधी-तूफान के दौरान बिजली गिरने से सिस्टम फेल हो गया, जिससे विजिबिलिटी और नेविगेशन बाधित हो गए।
इस तकनीकी दिक्कत के चलते रायपुर एयरपोर्ट से 4 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 6 फ्लाइट्स को अन्य शहरों की ओर डायवर्ट कर दिया गया। इनमें दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु और इंदौर जाने वाली उड़ानें शामिल थीं।
170 यात्री सवार, सांसद और IAS अधिकारी भी थे फ्लाइट में
फ्लाइट में कुल 170 यात्री सवार थे। इनमें दुर्ग से बीजेपी सांसद विजय बघेल और वरिष्ठ IAS अधिकारी सोनमणी बोरा भी मौजूद थे। फ्लाइट को भोपाल एयरपोर्ट पर रात 9:15 बजे सुरक्षित उतारा गया, जहां यात्रियों को अस्थायी रूप से रुकवाकर विमान की रिफ्यूलिंग की गई। इसके बाद रात 10:30 बजे विमान ने दोबारा उड़ान भरी और 11:45 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ।
दिल्ली एयरपोर्ट पर देर रात यात्रियों का हंगामा
दिल्ली पहुंचने के बाद यात्रियों को बताया गया कि उसी रात रायपुर भेजना संभव नहीं है। इस सूचना के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों ने हंगामा किया और एयरलाइन पर लापरवाही का आरोप लगाया। यात्रियों का कहना था कि इंडिगो की ओर से कोई जिम्मेदार अधिकारी सामने नहीं आया। करीब एक घंटे के हंगामे के बाद एयरलाइन ने सभी यात्रियों को दो रिसॉर्ट्स में ठहराने का इंतजाम किया।
आज दोपहर रवाना होगी नई फ्लाइट
इंडिगो ने सभी यात्रियों को गुरुवार दोपहर रायपुर भेजने के लिए फ्लाइट नंबर 6E 9056 में सीटें अलॉट कर दी हैं। यह विमान दोपहर 12:40 बजे दिल्ली से रवाना होगा और 2:25 बजे रायपुर पहुंचेगा।
एयरपोर्ट पर यात्रियों को भी हुई परेशानी
इस घटना के चलते न केवल दिल्ली-रायपुर यात्रा कर रहे यात्रियों को दिक्कत झेलनी पड़ी, बल्कि रायपुर से दिल्ली जाने वाली रिटर्न फ्लाइट भी रद्द कर दी गई। इसकी वजह से रायपुर एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद यात्रियों को भी असुविधा उठानी पड़ी।