छत्तीसगढ़ में पिता ने 2 साल के मासूम बेटे को पटक-पटककर मार डाला, पत्नी को फोन कर बोला- “तेरे बेटे को मार दिया हूं

छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले मे दरिमा थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपने 2 साल के बेटे को बेरहमी से जमीन पर पटककर मार डाला। आरोपी ने घटना के बाद पत्नी को फोन कर यह भी कहा— “तेरे बेटे को मार दिया हूं।”

जानकारी के अनुसार, करजी गांव निवासी जुगलाल सिंह (26) की शादी साल 2022 में विनीता सिंह (24) से हुई थी, जो मैनपाट के रोपाखार गांव की रहने वाली है। 2023 में  बेटे हर्षित का जन्म हुआ।

शादी के कुछ समय बाद ही जुगलाल शराब के नशे में पत्नी से विवाद और मारपीट करने लगा। लगातार अत्याचार से तंग आकर विनीता एक साल पहले बेटे को लेकर मायके चली गई थी।

बेटे को ले आया, फिर की हत्या

कुछ दिन पहले जुगलाल अपनी पत्नी को मनाने के लिए ससुराल गया। पत्नी के साथ आने से मना करने पर उसने बेटे को यह कहकर साथ ले लिया कि “मैं इसके बिना जी नहीं पाऊंगा।”

16 सितंबर को हर्षित घर के पास खेल रहा था, तभी शराब के नशे में धुत जुगलाल वहां पहुंचा। वह बेटे को घसीटते हुए घर ले गया और अंदर ले जाकर पहले बुरी तरह पीटा, फिर जमीन पर पटक दिया। बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर रोता रहा और कुछ देर बाद शांत हो गया।

वारदात के बाद जुगलाल ने अपनी पत्नी को फोन कर कहा— “तेरे बेटे को मार दिया हूं।” यह सुनकर पत्नी सदमे में आ गई।

अस्पताल में मौत, आरोपी गिरफ्तार

गंभीर हालत में परिजन हर्षित को करजी हॉस्पिटल ले गए, जहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। आरोपी जुगलाल को हिरासत में लेकर हत्या का केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।